रायपुर : मुख्यमंत्री ने नवविवाहित जोड़ों को सुखमय जीवन की दी शुभकामनाएँ मुख्यमंत्री ने नवविवाहित जोड़ों को सुखमय जीवन की दी शुभकामनाएँ मुख्यमंत्री ने नवविवाहित जोड़ों को सुखमय जीवन की दी शुभकामनाएँ
मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने आज जशपुर जिले में कुनकुरी विकासखंड के सलियाटोली स्थित मिनी स्टेडियम में स्व. कुमार दिलीप सिंह जूदेव की स्मृति में आयोजित सामूहिक विवाह कार्यक्रम में शामिल होकर 353 नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद दिया।
मुख्यमंत्री श्री साय ने वैदिक रीति-रिवाज से विवाह मंडप की अर्चना करते हुए कार्यक्रम का शुभारंभ किया और प्रत्येक जोड़े को उपहार भेंट कर सुखी दांपत्य जीवन का आशीर्वाद दिया।
मुख्यमंत्री श्री साय ने नवविवाहित जोड़ों पर की पुष्प वर्षा
मुख्यमंत्री श्री साय ने सभी विवाहित जोड़ों पर पुष्प वर्षा कर मंगलकामना की। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि हमारे समाज में विवाह केवल दो व्यक्तियों का नहीं, बल्कि दो परिवारों और संस्कृतियों का मिलन है। उन्होंने सभी नवदम्पतियों को प्रेम, विश्वास और समर्पण को अपने वैवाहिक जीवन का आधार बनाने की प्रेरणा दी।
महिलाओं को सर्वोच्च स्थान, नारी शक्ति को नमन
मुख्यमंत्री श्री साय ने अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर सभी माताओं और बहनों को शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि हमारी संस्कृति में प्राचीन काल से ही महिलाओं को सम्मान प्राप्त है। उन्होंने कहा कि आज देश के सर्वोच्च पद पर भी एक महिला विराजमान हैं, खेल से लेकर अंतरिक्ष तक हर क्षेत्र में महिलाओं ने अपनी शक्ति का परिचय दिया है।
जशपुर के विकास को मिलेगा नया आयाम, मेडिकल कॉलेज और खेल सुविधाओं की घोषणा
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि प्रदेश के विकास के लिए एक संतुलित और दूरदर्शी बजट तैयार किया गया है, जिसमें जशपुर के लिए कई महत्वपूर्ण योजनाएँ शामिल की गई हैं। उन्होंने कहा कि कुनकुरी में 220 बिस्तरों वाले अस्पताल की घोषणा के बाद अब मेडिकल कॉलेज की स्थापना की जाएगी। नवीन शासकीय नर्सिंग कॉलेज, प्राकृतिक चिकित्सा केंद्र, शासकीय फिजियोथेरेपी कॉलेज की स्थापना होगी। सिरिमकेला (जशपुर) में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र और कोतबा में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का उन्नयन किया जाएगा। जशपुर में फुटबॉल स्टेडियम, बैडमिंटन कोर्ट, मिनी स्टेडियम एवं इंडोर हॉल का निर्माण होगा। कस्तूरा तहसील दुलदुला में आईटीआई की स्थापना होगी। पंडरापाट, मयाली, कैलाशगुफा, मैनपाट आदि को पर्यटन सर्किट में शामिल किया जाएगा। साथ ही मधेश्वर महादेव पर्वत के निकट मयाली पर्यटन क्षेत्र में वाटर स्पोर्ट्स विकसित किए जाएंगे। इसके अतिरिक्त जशपुर में नवीन साइबर थाना की स्थापना होगी।