भिलाई /भिलाई निवासी पत्रकार सूर्या राव की सजगता और तत्परता से बड़ी रेल दुर्घटना टल गई थी, जिसपर रेल प्रशासन ने ने उन्हें इस कार्य के लिये सम्मानित किया है आपको बता दे की 22मई को पत्रकार सूर्या राव किसी काम से पावर हाउस रेल्वे स्टेशन गये थे उसी दौरान उन्होंने देखा की पावर हाउस रेलवे स्टेशन के समीप रेलवे ट्रैक पर फिश प्लेट के बोल्ट निकले हुए दिखाई दिए। यह स्थिति अत्यंत गंभीर थी और समय रहते सुधार नहीं होने पर किसी बड़ी रेल दुर्घटना का कारण बन सकती थी। मामले की गंभीरता को समझते हुए पत्रकार टी. सूर्याराव द्वारा इसकी सूचना तत्काल दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक रायपुर रेल मंडल (सीनियर डीसीएम) अवधेश कुमार त्रिवेदी को दी गई।
सूचना प्राप्त होते ही श्री त्रिवेदी ने त्वरित कार्रवाई करते हुए प्लेटफॉर्म नंबर-2 से गुजरने वाली ट्रेनों की आवाजाही पर अस्थायी रोक लगाने के निर्देश दिए। रेलवे के तकनीकी दल ने तत्काल मौके पर पहुंचकर ट्रैक की मरम्मत एवं आवश्यक सुधार कार्य पूरा किया। सुरक्षा मानकों की पुष्टि होने के बाद ही ट्रेनों का संचालन पुनः शुरू किया गया।
सीनियर डीसीएम श्री त्रिवेदी ने बताया कि यदि समय पर सूचना नहीं मिलती तो एक बड़ी दुर्घटना की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता था। उन्होंने इस महत्वपूर्ण जानकारी से रायपुर रेल मंडल के डीआरएम दयानंद जी को भी अवगत कराया।
जनहित और रेल सुरक्षा के प्रति दिखाई गई इस सजगता के लिए रेल प्रशासन रायपुर, छत्तीसगढ़ द्वारा सम्मानित किया गया। इस अवसर पर रेलवे वाणिज्यिक विभाग के निरीक्षक बाबूराव टाटा, कलिंगा समाज रायपुर के अध्यक्ष जगदीश्वर राव तथा विष्णु केमिकल भिलाई के वाइस प्रेसिडेंट एम.वी. राव विशेष रूप से उपस्थित रहे।



