

अग्रवाल व पैनल के बड़े नेता होंगे शामिल
दुर्ग। छत्तीसगढ़ चेंबर आफ कामर्स एंड इंडस्ट्रीज के 3 वर्षीय कार्यकाल वाले प्रतिष्ठापूर्ण चुनाव के लिए अब मात्र एक दिन का समय ही शेष रह गया है। चुनाव के लिए 13 मार्च को सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक अग्रसेन भवन सेक्टर-6 में मतदान किए जाएंगे। फलस्वरूप प्रत्याशियों ने अंतिम दौर में अपनी पुरी ताकत झोंक दी है। जिससे दुर्ग जिले में चेंबर चुनाव का जोरदार माहौल बना हुआ है। इस चुनाव में प्रदेश अध्यक्ष प्रत्याशी योगेश अग्रवाल की नेतृत्व वाली व्यापारी एकता पैनल ने दुर्ग जिले से प्रदेश उपाध्यक्ष
प्रत्याशी विनीत जैन व प्रदेश मंत्री प्रत्याशी अशोक राठी को चुनावी मैदान में उतारा है। दोनों प्रत्याशी अनुभवी है। विनीत पूर्व कार्यकाल
में चेंबर के प्रदेश उपाध्यक्ष रह चुके हैं। वर्तमान में वे दुर्ग जिला राईस मिल एसोसिएशन के अध्यक्ष पद को भी सुशोभित कर रहे हैं, वहीं अशोक राठी के नाम चेंबर के दुर्ग जिला इकाई के लगातार 6 वर्षों तक अध्यक्ष
रहने का रिकार्ड है। उन्होंने अपने कार्यकाल में व्यापारी व जनहित में ऐतिहासिक कार्य किए हैं। दोनों प्रत्याशियों का लंबा अनुभव इस चुनाव में उनकी स्थिति मजबूत बना रही है। जिससे उन्हें जनसंपर्क में व्यापारियों का अपार समर्थन व स्नेह मिल रहा है। जिसकी वजह से व्यापारी एकता पैनल के समर्थकों में उत्साह की लहर है। चुनाव में जनसंपर्क का कल 12 मार्च अंतिम दिन है। इस दिन व्यापारी एकता पैनल के संरक्षक श्रीचंद सुंदरानी, प्रदेश अध्यक्ष प्रत्याशी योगेश अग्रवाल के अलावा अन्य प्रदेश प्रत्याशी दोपहर
3.30 बजे दुर्ग पहुंचेगे। यहां वे सिंधी कालोनी से मोटर सायकल रैली कर व्यापारी एकता पैनल प्रत्याशियों के पक्ष में चुनावी माहौल बनाएंगे। यह मोटर सायकल रैली पूरे शहर का भ्रमण करेगी। यह बातें व्यापारी एकता पैनल के प्रदेश उपाध्यक्ष प्रत्याशी विनीत जैन व प्रदेश मंत्री प्रत्याशी अशोक राठी ने गुरुवार को मीडिया से चर्चा में कही। इस दौरान व्यापारी एकता
पैनल के वरिष्ठ सदस्य राधेश्याम भूतड़ा, संजय खंडेलवाल, राधेश्याम शर्मा,
सुभाष बाकलीवाल, कुलदीप सिंह, दीपक चोपड़ा, बहादुर अली थर्रानी, हरिश गोयल, विनीत खेतान भी मौजूद थे। चर्चा में प्रत्याशी विनीत जैन व अशोक राठी ने बताया कि व्यापारी एकता पैनल लंबे समय से व्यापारी हितों की
समस्याओं का समाधान करते आ रही है। जिससे व्यापारियों का एकता पैनल पर विश्वास बना हुआ है। व्यापारियों का यही विश्वास पैनल प्रत्याशियों की
जीत दोहराएगी। उन्होंने बताया कि चेंबर के पदाधिकारी रहते हुए व्यापारी हितों के अलावा शासन-प्रशासन की कल्याणकारी योजनाओं में सहभागिता, स्वच्छता अभियान में निगम को सहयोग, पर्यावरण जनजागरण, वृक्षारोपण,
प्लास्टिक पर प्रतिबंध, पुलिस विभाग को स्टापर का सहयोग, रेल्वे स्टेशन
में वाटर कूलर, प्रदेश से बाहर अनाज व्यापारियों को मंडी शुल्क में 5 प्रतिशत की छुट देने पहल, वेट टैक्स के खिलाफ सराफा व्यापारियों के आंदोलन में भागीदारी के अलावा अन्य कार्यों को प्राथमिकता से पूर्ण किए
गए हैं।








