दुर्ग -दुर्ग शहर के सर्वांगीण विकास के लिए विधायक अरुण वोरा व महापौर धीरज बाकलीवाल ने नगरीय निकाय मंत्री शिव डहरिया से मुलाकात कर अलग-अलग विकास कार्यों के लिए लगभग 40 करोड़ की राशि की मांग की है। शहर के 19 निस्तारी तालाबों में जा रहे गंदे पानी को रोकने के लिए नाली निर्माण करने 2 करोड़ 94 लाख, सभी 60 वार्डों में अधोसंरचना विकास के लिए सड़क, नाली, पुलिया, प्रकाश व्यवस्था व उद्यान के 209 प्रस्तावित कार्यों के लिए 29.24 करोड़ रुपए और शहर के पशुधन की सुरक्षा व डेयरी संचालकों के लिए बोरसी व उरला में सर्व सुविधायुक्त गोकुल नगर निर्माण के लिए 8 करोड़ रुपए की मांग की गई है।nविधायक वोरा ने कहा कि कोरोना संकट के बाद 60 वार्डों में जनकल्याणकारी विकास कार्यों को गति देना आवश्यक है। निस्तारी तालाबों का संरक्षण व आमजनों की मूलभूत आवश्यकताओं से संबंधित विकास कार्य शासन की प्राथमिकताओं में हैं। इसके लिए राशि की मांग की गई है। महापौर धीरज बाकलीवाल ने कहा कि सैद्धांतिक स्वीकृति मिलते ही प्राक्कलन बना कर निकाय विभाग को प्रेषित किया जाएगा। अतिशीघ्र सभी कार्यों को प्रारंभ कराया जाएगा। नगरीय प्रशासन मंत्री डॉ शिव डहरिया ने विधायक व महापौर की मांग पर सहमति दे दी है। इस संबंध में विभागीय आदेश शीघ्र जारी कर दिए जाएंगे।

