नई दिल्ली। दुनिया भर में कोहराम मचाने वाले कोरोना वायरस की चपेट में अब भारत भी फंसता दिख रहा है। मंगलवार को देश में कोविड-19 के 315 नए मामले सामने आए हैं। ये पहली बार है, जब देश में एक दिन में तीन सौ से ज्यादा मामले दर्ज किए गए हैं। सोमवार की तुलना में कोविड-19 पॉजिटिवों का यह आंकड़ा लगभग दोगुना है। अब देश में कोरोना वायरस पीड़ितों की कुल संख्या 1618 हो गई है और इसके चलते मरने वालों की संख्या भी बढ़कर 52 हो गई है। बीते तीन दिनों में 626 नए मामले सामने आए हैं। देश में तेजी से फैल रहे इस वायरस की यह 40 फीसदी की बढ़ोतरी है। सबसे ज्यादा मामले महाराष्ट्र से हैं, जहां 302 लोग इसकी चपेट में आ चुके हैं। इसके बाद दूसरे स्थान पर केरल (241), तीसरे पर तमिलनाडु (124) और चौथे स्थान पर देश की राजधानी दिल्ली (120) है।
झारखंड और असम भी अछूते नहीं
अभी तक झारखंड और असम ने इस घातक कोविड-19 वायरस से दूरी बना रखी थी लेकिन मंगलवार को इन दोनों राज्यों में भी पहला-पहला केस सामने आया। झारखंड की राजधानी रांची में मलेशिया की एक 22 साल की युवती में इस वायरस की पुष्टि हुई है, जो रांची में बड़ी मस्जिद में ठहरी हुई थी। यह महिला भी तब्लीगी जमात संगठन का ही हिस्सा थी और यहीं से रांची पहुंची थी। असम के सिल्चर मेडिकल कॉलेज में एक 52 वर्षीय पुरुष की भी रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। वह कैंसर का भी मरीज है और हाल ही में दिल्ली से लौटा है। असम प्रशासन को इस व्यक्ति के भी तब्लीगी जमात के कार्यक्रम में हिस्सा लेने का शक है।
हाई रिस्क पर दिल्ली
राजधानी दिल्ली की अगर बात करें तो यहां इस बीमारी के दो बड़े हॉट स्पॉट बन गए हैं- ये हैं निजामुद्दीन और दिलशाद गार्डन। मंगलवार को यहां 23 नए केस सामने आए, जिससे कोविड-19 पीडि़तों की संख्या यहां 120 तक पहुंच गई। हालांकि इस आंकड़े में अभी निजामुद्दीन मस्जिद से बाहर ले जाए गए (हॉस्पिटल और क्वॉरेंटाइन सेंटर) लोगों में से एक भी नया केस शामिल नहीं है क्योंकि सरकार ने बताया है कि अभी यहां के लोगों की रिपोर्ट आने का इंतजार है। दिल्ली सरकार ने बताया, इन 23 केसों में 8 का यात्रा इतिहास था, जबकि 7 लोगों को संक्रमित व्यक्तियों के संपर्क में आने से यह हुआ। आठ अन्य लोगों को यह संक्रमण होने की जांच जारी है। सूत्रों का कहना है कि दिल्ली में कोरोना पीडि़तों का यह आंकड़ा तेजी से बढ़ता दिख सकता है क्योंकि तब्लीगी जमात के 1548 लोगों में से रविवार और सोमवार को क्वॉरेंटाइन के लिए ले जाए गए 441 लोगों में इस वायरस के लक्षण चरम पर दिख रहे थे।
एसएस/01अप्रैल/ईएमएस

