कोरोना वायरस का प्रकोप बॉलीवुड तक पहुंच गया है। शुक्रवार को गायिका कनिका कपूर पॉजीटिव पाई गई हैं। महाराष्ट्र में मुंबई समेत चार शहरों को लॉकडाउन किया गया है। दिल्ली में सभी मॉलों को बंद करने का आदेश जारी किया गया है। हालांकि, आवश्यक सेवाएं (बैंक, सब्जी और दवा की दुकानें) जारी रहेगीं। भारत में कोरोना के मरीजों की संख्या 200 के पार हो चुकी है।


टोल फ्री नंबर का करें उपयोग : स्वास्थ्य मंत्रालय स्वास्थ्य मंत्रालय के संयुक्त सचिव लव अग्रवाल ने शुक्रवार को सभी से जानकारी लेने के लिए टोल फ्री नंबर का उपयोग करने को कहा है। उन्होंने कहा, ‘मैं सोसाइटी में सभी से निवेदन करता हूं कि वे जानकारी पाने और दुष्प्रचार को खत्म करने के लिए हमारे टोल फ्री नंबर 1075 का उपयोग करें।’ उन्होंने यह भी बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सभी राज्यों के मुख्यमंत्रियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंस करेंगे।
nnnnकनिका कपूर के साथ पार्टी में मौजूद थे भाजपा सांसद, कल संसद में हुए थे शामिल
बॉलीवुड की मशहूर गायिका कनिका कपूर कोरोना से संक्रमित पाई गई हैं। वो रविवार को लखनऊ में एक पार्टी में शामिल हुई थीं। पार्टी में पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे के बेटे और भाजपा सांसद दुष्यंत सिंह भी शामिल हुए थे। दुष्यंत सिंह कल संसद भी पहुंचे थे। हालांकि, कनिका कपूर के पॉजिटिव पाए जाने के बाद भाजपा सांसद ने खुद को पृथक कर लिया है।
दिल्ली में सभी मॉल बंद
दिल्ली सरकार ने प्रदेश के सभी मॉलों को बंद करने का आदेश जारी कर दिया गया है। दिल्ली के मु्ख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा कि मौजूदा हालात को देखते हुए, हम सभी मॉल (किराना, फार्मेसी और उनमें सब्जी की दुकानों को छोड़कर) को बंद कर रहे हैं।
मुंबई समेत चार शहर बंद, सिर्फ आवश्यक सेवाएं जारी रहेंगी
महाराष्ट्र में मुंबई समेत पुणे, चिंचवड़-पिंपरी और नागपुर शहर बंद कर दिए गए हैं। सिर्फ आवश्यक सेवाएं ( बैंक, सब्जी और दवा की दुकानें) जारी रहेगीं। राज्य के स्वास्थ्य मंत्री राजेश टोपे ने बताया कि महाराष्ट्र में तीन और लोग कोरोना वायरस से संक्रमित पाए गए हैं और इसके साथ ही राज्य में संक्रमित लोगों की संख्या 52 हो गई है। टोपे ने कहा कि ये तीन मामले मुंबई, पुणे और पिंपरी-चिंचवड़ में सामने आए हैं।